झारखंड
''भाजपा हटाओ झारखंड बचाओ'' महारैली 31 को
By Deshwani | Publish Date: 30/10/2017 12:41:21 PMरांची, (हि.स.)। बिरसा सेवा दल और आदिवासी सेना की ओर से 31 अक्टूबर को मोरहाबादी मैदान में महारैली का आयोजन किया गया है। इस पर महारैली का नाम 'भाजपा हटाओ, झारखंड बचाओ' रखा गया है। महारैली की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। 31 अक्टूबर को विभिन्न आदिवासी संगठन के लोग और विभिन्न क्षेत्रीय पार्टियों के नेता इस महारैली में शामिल होंगे।
यह जानकारी सोमवार को झाविमो नेता बंधु तिर्की ने दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार नाकाम साबित हो चुकी है। अपनी नाकामी छिपाने के लिए सरकार ने पहले मोमेंटम झारखंड का आयोजन किया और अब माइनिंग शो का आयोजन कर रही है। इस आयोजन में ट्राइबल सब प्लान और आदिवासियों से जुड़े अन्य मुद्दों के पैसे खर्च हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भूमि अधिग्रहण बिल में संशोधन कर यहां के गरीब किसानों की जमीन लूटने जा रही है। जिसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन सब के खिलाफ 31 अक्टूबर को मोराबादी मैदान में भाजपा हटाओ, झारखंड बचाओ महारैली का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने धर्मांतरण निषेध बिल पास किया है। अब वह एक खास समुदाय के लोगों को धमका रही है। इस तरह से लोगों को धमकाना और डराना सरकार बंद करे, नहीं तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रैली को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है।