झारखंड
कार-टेम्पो की टक्कर में 11 घायल
By Deshwani | Publish Date: 25/10/2017 4:23:42 PMजमशेदपुर, (हि.स.)। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत स्थित स्टेट माईल रोड पर कब्रिस्तान के समीप मंगलवार की देर रात कार और टेम्पो में टक्कर में 11 लोग घायल हो गए। घटना में टेम्पो में सवार 6 लोग और कार में सवार 5 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की स्थिति को गंभीर देखते हुए टाटा मुख्य अस्पताल रेफर किया गया है। दुर्घटना होने के बाद करीब तीन घंटे तक सड़क पर यातायात अवरुद्ध रहा। स्थानीय पुलिस की मदद से सड़क जाम को हटाया गया।
मंगलवार की देर रात स्टेट माईल रोड से साकची की ओर जा रही मारुति कार अनियंत्रित हो कर साकची से कदमा जा रहे ऑटो से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन पलट गये। कार और टेम्पो की टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। साकची पुलिस ने घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायलों में टेम्पो चालक और उसमें सवार एक यात्री है, जिनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा है।