झारखंड
भूख से हुई मौत के मुद्दे को विधानसभा में उठाएगी कांग्रेस
By Deshwani | Publish Date: 25/10/2017 10:30:41 AMरांची, (हि.स.)। झारखंड के सिमडेगा और झरिया में भूख से हुई मौत के मामले को प्रदेश कांग्रेस आगामी विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को उठाएगी। इसके अलावा इस मुद्दे पर पार्टी सभी जिलों में आंदोलन करेगी, जिसकी शुरुआत 30 अक्टूबर को राजधानी के बिरसा चौक से शुरू होगी।
बुधवार को कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने बताया कि राज्य सरकार एक हजार दिन पूरे होने का ढिंढोरा पीट रही है, लेकिन राज्य में भूख से मौत हो रही है, सरकार ऐसे मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के सिमडेगा जिले में भूख से एक बच्ची की मौत हुई है। झरिया में भूख से रिक्शा चालक की मौत, देवघर में भी एक मौत हुई है। इसके अलावा कई और जिलों में भूख से मौत होने की खबरें आ रही हैं, लेकिन इन सभी मामलों को राज्य सरकार दबाने का काम कर रही है।
सिमडेगा और देवघर झरिया में भूख से तीन लोगों की मौत हुई है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन चलाने की रणनीति बना रही है। आलमगीर ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है। जब तक राज्य सरकार मृतक के परिवारों को मुआवजा नहीं देती, तब तक हम आंदोलन करते रहेंगे। आगामी विधानसभा सत्र के दौरान यह मुद्दा कांग्रेस जोर-शोर से उठाएगी और कांग्रेस इस पर सरकार को घेरने का भी काम करेगी।