झारखंड
वाया धनबाद की जगह अब जसीडीह-पटना होकर दौड़ेगी हावड़ा दुरंतो
By Deshwani | Publish Date: 7/10/2017 6:22:52 PM रांची, (हि.स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) के हावड़ा जंक्शन से नई दिल्ली तक जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस अब वाया धनबाद की जगह वाया जसीडीह-पटना के रास्ते चलाई जाएगी। 19 ट्रेनों के बंद होने का दंश झेल रहे धनबाद वासियों को नई ट्रेन देने के बजाय उनकी एक महत्वपूर्ण ट्रेन ही छीन ली गई। गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के विशेष आग्रह पर रेल मंत्रालय ने इसकी मंजूरी दे दी है।
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्विनी लोहानी ने सांसद को पत्र भेजकर यह जानकारी दी है कि 120 दिन बाद यानी छह फरवरी से हावड़ा-दुरंतो मेन लाइन होकर चलेगी। धनबाद-चंद्रपुरा रेलवे लाइन बंद होने से ट्रेनों का संचालन नहीं होने का दर्द झेल रहे कोयलांचल के लोगों के लिए यह निर्णय सदमे से कम नहीं है। धनबाद सांसद पशुपतिनाथ सिंह के गढ़ से पहले रांची-जयनगर एक्सप्रेस के बाद अब हावड़ा दुरंतो छीनकर गोड्डा के सांसद ने उन्हें चुनौती दे दी है।