झारखंड
अलग-अलग सड़क दुर्घटना में तीन की मौत
By Deshwani | Publish Date: 2/10/2017 4:09:45 PMदुमका, (हि. स.)। जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवक की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रविवार देर शाम की है। पहली घटना नगर थाना क्षेत्र में दुमका-रामपुरहाट मुख्य पथ पर पुलिस लाइन के समीप की है, जहां बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। युवक की पहचान कौआपाड़ा निवासी राजकुमार पाठक (26) के रूप में की गई है। रविवार देर शाम राजकुमार पनी जमीन से सब्जियों के पौधे में खाद्य डाल घर लौट रहा था तब ही रास्ते में अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। अंधेरा होने के कारण राजकुमार गंभीर अवस्था में सड़क किनारे पड़ा रहा। बाद में स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने राजकुमार को गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना हंसडीहा थाना क्षेत्र में दुमका-हंसडीहा स्टेट हाइवे पर बढ़ेत गांव के समीप घटी। निर्माणाधीन पुल की रेलिंग से टकराकर दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को पटना रेफर कर दिया गया है। रविवार को हंसडीहा शिव मंदिर रोड निवासी रणविजय सिंह अपने दोस्त मनीष जायसवाल और धवल जायसवाल के साथ बाइक से हंसडीहा लौट रहा था। रास्ते मे बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। मौके पर ही रणविजय (24) और मनीष (23) ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल धवल को देवघर ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत देख चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया।