झारखंड
मंगलवार व बुधवार को लगायें जनता दरबार : अमित शाह
By Deshwani | Publish Date: 17/9/2017 2:49:43 PM रांची। रांची प्रवास के दूसरे दिन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक की। उन्होंने सरकार व संगठन में समन्वय बना कर काम करने को कहा। साथ ही संगठन के विस्तार में सहयोग करने की बात कही। मंत्रियों से कहा कि प्रत्येक मंगलवार व बुधवार को जनता दरबार लगायें। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक फरियादियों की समस्या सुनें और समाधान करें। इसके अलावा प्रभारी मंत्री अपने जिलों में एक दिन कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करें। उनकी समस्याएं सुनें। सरकार के कामकाज की जानकारी दें।
साथ ही बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार को लेकर उनकी मदद करें। श्री शाह ने लगभग एक घंटे तक बैठक कर मिशन 2019 को लेकर बातचीत की। कहा कि विधानसभा की वैसी सीट, जिसमें पार्टी के उम्मीदवार पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे, उन सीटों पर ध्यान दिया जाये। नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर इन सीटों पर जीत दर्ज करने को लेकर रणनीति बनायें। इसके बाद दूसरी बैठक में श्री शाह ने चुनाव प्रबंधन टीम व लोकसभा सीटों के लेकर वार्ता की।
उन्होंने नेताओं से लोकसभा सीटों के जातीय समीकरण के बारे में जानकारी हासिल की. साथ ही लोकसभा की सभी 14 सीट व विधानसभा की 60 सीटों पर जीत दर्ज करने की बात कही। कहा कि जब पार्टी लोकसभा की 14 में से 12 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है, तो शत प्रतिशत सीट पर जीत हासिल करना मुश्किल नहीं है। इसके बाद उन्होंने आइटी सेल, सोशल मीडिया व मीडिया प्रभारियों के साथ बैठक कर उनके कामकाज के बारे में जानकारी हासिल की।