झारखंड
क्षेत्र के सवालों को मजबूती से उठायें : सुदेश महतो
By Deshwani | Publish Date: 25/8/2017 7:50:45 PMरांची, (हि.स.)। आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि युवा अपने क्षेत्र की समस्या और जनता के सवालों को शासन-प्रशासन के साथ पंचायत-विकास के जनप्रतिनिधियों के बीच मजबूती से उठायें। राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं की यह जिम्मेदारी है कि वो सीधे तौर पर पब्लिक एजेंडा से जुड़ कर काम करें। आजसू ने हमेशा इस भूमिका में कहना स्वीकार किया है, इसलिये लोगों की हमसे अधिक उम्मीदें हैं। सुदेश महतो शुक्रवार को कांके रोड स्थित अपने आवास पर आयोजित मिलन समारोह में बोल रहे थे। शुक्रवार को नामकुम क्षेत्र से आए बड़ी संख्या में युवा आजसू पार्टी में शामिल हुए। सुदेश महतो ने सभी को माला पहनाकर स्वागत किया और आजसू पार्टी की मुहिम में कूद जाने का उत्साह बढ़ाया। रांची जिला सचिव कमलाकांत यादव के नेतृत्व में पाटी में शामिल होने वालो में मुख्य रूप से बप्पी कुमार घोष, सुनील गोप, अधीर गोप, सूरज सिंह, दिलीप राज, अमित श्रीवास्तव, अशोक पासवान हैं। यह जानकारी आजसू के प्रवक्ता देवशरण भगत ने दी।
देवशरण भगत ने बताया कि आजसू पार्टी के सभी जिला प्रभारियों, अध्यक्षों एवं सचिवों की बैठक 26 अगस्त को कांके रोड स्थित पार्टी कार्यालय में आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में होगी। इसमें सभी जिला प्रभारियों को भी बुलाया गया है। बैठक में सांगठनिक मुद्दे के साथ जनता के सवालों पर किये जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की जायेगी। इनके अलावा केंद्रीय नेतृत्व की ओर से उन्होंने टास्क भी दिए जायेंगे।