झारखंड
जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव डालने वाला गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 25/8/2017 3:17:44 PMरांची, (हि.स.)। डोरंडा पुलिस ने जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव डालने के आरोप में हिंदपीढ़ी के युवक सुफियान खान उर्फ राजा (26) को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी गुरुवार देर रात की गई। शुक्रवार को उसे न्यायालय ने जेल भेज दिया।
उन्होंने बताया कि मेकॉन कॉलोनी में रहने वाली 20 साल की युवती ने सुफियान के खिलाफ डोरंडा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गुरुवार को सूचना मिलने पर उसकी गिरफ्तारी डोरंडा इलाके से की गई । पूछताछ में सुफियान खान ने स्वीकार किया है कि उसने युवती पर धर्म बदलने के लिए दबाव डाला था। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 376, 511, 295ए और 354 के तहत केस दर्ज किया है।
युवती ने पुलिस को बताया कि शादी से पहले उसकी दोस्ती राजा से थी। राजा ने उसे धर्म परिवर्तन करने को कहा लेकिन उसने साफ मना कर दिया। इसके बाद भी सुफियान लगातार उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालता रहा।
युवती ने तीन महीने पहले बूटी मोड़ में रहने वाले दूसरे युवक से शादी कर ली। शादी के बाद भी राजा धर्म बदलकर उससे शादी करने के लिए दबाव डालता रहा। वह अक्सर रास्ते में युवती से छेड़खानी करता था और विरोध करने पर दुष्कर्म करने की धमकी देता था। उसने इसकी जानकारी अपने पति को दी तो राजा ने उसके पति को भी धमकाया। उसकी हरकतों से तंग आकर पीड़िता ने तुरंत थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।