रांची, (हि.स.)। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। हमारे प्रयासों का प्रतिफल आज दिख रहा है। झारखंड के गरीबों के चेहरे पर मुस्कान लाने का मेरा सपना पूरा होना शुरू हो गया है। रघुवर दास शनिवार को इरबा में ओरिएंट क्राफ्ट लिमिटेड के पहले कारखाने के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड को हम टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। झारखंड को विकास के हाई वे पर लाने की तमाम कोशिशों के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा है। केन्द्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी एवं उनके वस्त्र मंत्रालय का भरपूर सहयोग हमें मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने सात एफ का सूत्र हमें दिया। इस पर हम काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसमें फार्म से फाइबर, फाइबर से फैब्रिक, फैब्रिक से फैशन और फैशन से फॉरेन के सूत्र को पूरा करते हुए अब झारखंड के वस्त्र निर्यात किये जायेंगे। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। यह हमारे सरकार की कार्यशैली को भी दर्शाता है। हम जो वादे करते हैं, उन्हें पूरा करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि भारत का 82 प्रतिशत तसर झारखंड में होता है। हम यहां तसर के उत्पाद तैयार कर देश दुनिया में बेचेंगे। इससे यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। राज्य में समृद्धि भी आयेगी। हमारे पास मेहनतकश मानव बल है। उनका कौशल विकास कर उन्हें रोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ओरिएंट क्राफ्ट की एक छोटी यूनिट से ही 900 लोगों को रोजगार मिल रहा है। आने वाले समय में राज्य में दो से तीन लाख लोगों को रोजगार से जोड़ने का काम तेजी से किया जा रहा है।
इस अवसर पर केंद्रीय कपड़ा और सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने झारखंड में हो रहे विकास कार्यों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में काम धरातल पर दिख रहा है। जल्द ही झारखंड विकसित राज्यों की श्रेणी में आयेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत सरकार ने टेक्सटाइल उद्योग को सशक्त बनाने के लिए 6000 करोड़ रूपये का पैकेज दिया है लेकिन झारखण्ड ने इसे सबसे पहले अपने यहाँ धरातल पर उतारा है। ओरिएंट क्राफ्ट की यूनिट की झारखण्ड में स्थापना मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता एवं गुड गवर्नेंस का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कोई इंटरनेशनल ब्रांड पहली पारी में ही किसी राज्य में अपना विश्वास दिखाए, यह बड़ी बात है।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इंडस्ट्री को यह सन्देश दिया है कि अगर वो राज्य की ओर एक कदम बढ़ाएंगे तो राज्य सरकार उनकी तरफ दो कदम चलने को तैयार है। उन्होंने कहा कि आज से पूर्व झारखंड में निवेश करने को कोई तैयार नहीं था। लेकिन रघुवर सरकार के नेतृत्व में झारखंड में विकास की गति पकड़ी है। कोई भी कार्य तभी सफल होगा, जब जनता सरकार का कदम कदम पर साथ देगी। मोमेंटम झारखंड सिर्फ झारखंड राज्य व देश ही नहीं, बल्कि विश्व के निवेशकों को आमंत्रित रखने का क्षमता रखता है। उन्होंने झारखंड के लिए टेक्सटाइल पॉलिसी बनाने पर सरकार को बधाई दी है। मौके पर उद्योग सचिव सुनील बर्णवाल, झारखंड राज्य खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ और ओरिएन्ट क्राफ्ट के संचालक सुधीर ढींगरा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।