झारखंड
चारा घोटाले के चार मामलों में लालू हुए हाजिर
By Deshwani | Publish Date: 17/8/2017 5:53:59 PMरांची, (हि.स.)। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में गुरुवार को सीबीआई की विशेष अदालत में हाजिर हुए। सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एसएस प्रसाद की अदालत में चारा घोटाला आरसी 68 ए/96 मामले में लालू प्रसाद यादव की ओर से डिपाटमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग के अंडर सेक्रेटरी सत्यप्रकाश राम त्रिपाठी की गवाही हुई। मामले में दोराई कमीशन का रिपोर्ट कोर्ट में पेश किया गया। 1997 में लालू की गिरफ्तारी के लिए आर्मी से मदद मांगी गयी थी। इसी मामले की जांच दोराई कमीशन ने की थी। लालू की ओर से अदालत से आग्रह किया गया है कि रैली के मद्देनजर अगली गवाही की तिथि 27 अगस्त के बाद दिया जाये। यह मामला चाईबासा कोषागार से 37 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़ा है।
जबकि सीबीआई के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत में चारा घोटाला आरसी 64 ए/96 मामले में लालू प्रसाद यादव हाजिर हुए। इस मामले में भी गवाही होनी थी। लेकिन गवाही नहीं हुई। चारा घोटाला के एक अन्य मामले आरसी 38ए/96 में सीबीआई के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत में लालू प्रसाद यादव उपस्थित हुए। यह मामला दुमका कोषागार से 3.13 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़ा है। चारा घोटाला के एक अन्य मामले आरसी 47ए/96 में सीबीआई के विशेष न्यायाधीश प्रदीप कुमार की अदालत में लालू प्रसाद यादव हाजिर हुए। यह मामला डोरंडा कोषागार से 139. 33 करोड़ रुपए की अवैध निकासी से जुड़ा है।