झारखंड
टीपीसी के एरिया कमांडर का सरेंडर
By Deshwani | Publish Date: 8/8/2017 6:18:58 PMलातेहार, (हि.स.)। टीपीसी के एरिया कमांडर रंजीत गंझू ने मंगलवार को चंदवा थाना में बीडीओ देवदत्त पाठक, इंस्पेक्टर कमलेश्वर पाण्डेय के समक्ष सरेंडर किया। यह हेरहंज थाना क्षेत्र के बिदिर गांव का रहने वाला है। सरेंडर करने के बाद एरिया कमांडर रंजीत ने बताया कि 2006 में उसके भाई की हत्या माओवादियों ने कर दी थी। उसी समय वह टीपीसी में शामिल हो गया। डेढ़ साल में ही उसे एरिया कमांडर बना दिया गया था। छह साल काम करने के बाद 2012 में वह संगठन छोड़ रोजगार करने दूसरे राज्य चला गया। बाद में जब वापस लौटा तो पता चला कि उसके उपर काफी केस है। इसके बाद चंदवा के इंस्पेक्टर से बात हुई और उसने सरेंडर कर दिया।
सरेंडर के दौरान उसने कहा कि अगर जीवनयापन के लिए रोजगार मिल जाये तो उसके जैसे कितने नौजवान जो मुख्यधारा से भटके हुए है वे भी सरेंडर कर देंगे। गौरतलब है कि एरिया कमांडर रंजीत पर बालूमाथ और हेरहंज थाना में कई मामले दर्ज हैं। बालूमाथ में मुन्ना गुप्ता और हेरहंज थाना में सुजीत जायसवाल हत्याकांड समेत समेत कई कांडों में इनके विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज है।