झारखंड
भारत नई ऊंचाईयों को छूयेगा : स्पीकर
By Deshwani | Publish Date: 8/8/2017 5:28:34 PMरांची, (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष दिनेश उरांव ने कहा है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के कुशल नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाईयों को छूयेगा। विधानसभा के मॉनसून सत्र के पहले दिन मंगलवार को अपने प्रारंभिक संबोधन में उरांव ने कहा कि देश के शीर्ष संवैधानिक पदों राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के लिए निर्वाचन कार्य हाल की अवधि में संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति पद पर वेंकैया नायडू निर्वाचित हुए हैं, दोनों का राजनीतिक सफर काफी लम्बा रहा है। उन्होंने बताया कि कोविंद ने बिहार के राज्यपाल के पद से जुड़े दायित्वों का निर्वाह निर्विवाद रूप से किया है, वहीं नायडू ने भारत सरकार के अधीन विभिन्न मंत्रालय का दायित्व निर्वहन अत्यंत कुशलता से किया। उरांव ने कहा कि प्रणव मुखर्जी ने राष्ट्रपति पद पर अपने कार्यकाल को पूरा किया। उनकी राजनीतिक समझ-बूझ अत्यंत गहरी रही है, उनका कार्यकाल अत्यंत स्वच्छ और देश के लिए प्रेरणादायी रहा है और उनकी इस सूझबूझ और अनुभव का लाभ देश को आगे भी मिलता रहेगा।
उन्होंने उम्मीद जतायी कि नये राष्ट्रपति कोविंद भी अपने पूववर्ती राष्ट्रपतियों की राह पर चलते हुए और भी बेहतर कीर्तिमान स्थापित करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इसी महीने उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी भी सेवानिवृत्त होंगे। उन्होंने उपराष्ट्रपति और संसद के उच्च सदन राज्यसभा के सभापति के रुप में अपना उत्कृष्ट योगदान उन्होंने देश को दिया है। उरांव ने कहा कि पांच दिवसीय सत्र में सरकार चालू वित्तीय वर्ष का पहला अनुपूरक बजट पेश करने के साथ-साथ कुछ महत्वपूर्ण विधेयकों को भी सदन के विचार के लिए लाएगी। उन्होंने उम्मीद जतायी कि सदस्य इन पर सार्थक चर्चा के साथ इस सत्र के एक-एक पल का सदुपयोग करेंगे।