झारखंड
सैंड आर्ट से कलाकार ने जतायी शिवभक्ति
By Deshwani | Publish Date: 5/8/2017 7:51:18 PMबोकारो, (हि.स.)। बोकारो के प्रसिद्ध रेत कलाकार (सैंड आर्टिस्ट) अजय शंकर महतो ने एक बार फिर सुंदर कलाकृति प्रस्तुत की है। 'सावन पर्व' के थीम के साथ अजय ने चंदनकियारी में दामोदर नदी के किनारे कपाट घाट पर बोल-बम नारालिखित देवाधिदेव महादेव की आवक्ष कलाकृति के साथ-साथ देवघर स्थित बैद्यनाथ धाम के मंदिरों की भी सुंदर अनुकृति तैयार की है। इसे देखने वालों का तांता लगा हुआ है। अजय ने बताया कि इस रेतकला के जरिये उन्होंने महादेव के प्रति अपनी भक्ति का परिचय दिया है। कला भी भक्ति का ही एक स्वरूप है।
रवि महतो बी.एड. कालेज के व्याख्याता सिलफोर निवासी अजय (40) सैंड आर्ट में काफी माहिर हैं। लगभग डेढ़ साल से रेत पर एक से बढ़कर एक कलाकृति बनाने वाले अजय अपनी कलाकारी के लिये खासे चर्चा में रहे हैं। कपाटघाट पर ही लगभग हरेक प्रमुख अवसर पर वह इस तरह की अनुपम रेत-कलाकृति का निर्माण कर लोगों को लुभाते रहे हैं। सैंड आर्ट के अलावा अजय कैनवास पेंटिंग में भी दक्ष हैं। अजय को माइक्रो-आर्ट (सूक्ष्म-कला) में महारथ हासिल है। चावल के दानों पर महापुरुषों की आकृति उकेरना, बोतल के भीतर कलाकृतियां बनाना अजय के बांये हाथ का खेल है। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनका मन इसी कलाकारी में रम गया और वह हमेशा कुछ न कुछ नया और अलग करने की कोशिश में लगे रहते हैं। इसे लेकर उन्हें जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर के भी कई पुरस्कार मिल चुके हैं।