झारखंड
कांग्रेस के विस घेराव में शामिल होंगे प्रदेश प्रभारी
By Deshwani | Publish Date: 31/7/2017 10:05:40 AM रांची, (हि.स.)। विश्व आदिवासी दिवस और क्रांति दिवस के अवसर पर नौ अगस्त को प्रदेश कांग्रेस की ओर से विधानसभा का घेराव किया जाना है। विभिन्न मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव किया जा रहा है। इसमें सीएनटी और एसपीटी एक्ट में संशोधन, बच्चा चोरी के अफवाह में सात लोगों की हत्या सहित अन्य के विरोध में यह घेराव किया जा रहा है। इस घेराव में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सह पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह भी शामिल होंगे।
बताया जाता है कि विधानसभा घेराव में शामिल होने के लिए आरपीएन सिंह सात या आठ अगस्त को रांची पहुंचेंगे। इसके बाद वह कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि झारखंड में आए दिन किसान आत्महत्या कर रहे हैं लेकिन राज्य सरकार किसानों के लिए कुछ नहीं कर रही है। साथ ही गरीबों की जमीन को लूटने के लिए सीएनटी और एसपीटी एक्ट में संशोधन किया गया है।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार जल्द नहीं चेती तो आने वाले समय में प्रदेश कांग्रेस उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने बताया कि इस घेराव में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम सहित प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।