झारखंड
चार मामलों में लालू हुए पेश, नहीं हुई गवाही
By Deshwani | Publish Date: 27/7/2017 5:59:32 PMरांची, (हि.स.)। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में गुरुवार को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश हुए। सीबीआई के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत में चारा घोटाला आरसी 64 ए/96 मामले में लालू प्रसाद यादव की ओर से बिहार के कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह और डीजी सुनील कुमार की गवाही नहीं हुई। लालू के अधिवक्ता चितरंजन प्रसाद ने बताया कि भारी बारिश के वजह से गवाहों को भेजा गया समन समय पर नहीं मिल सका। इस वजह से गवाह उपस्थित नहीं हो सके। लालू की ओर से कोर्ट को किये आग्रह को स्वीकार कर लिया गया है। अगर गवाह नहीं होगा तो शुक्रवार और शनिवार को पेशी की तिथि में लालू को छूट दी गयी है। यह मामला देवघर कोषागार से 90 लाख की अवैध निकासी से जुड़ा है।
चारा घोटाले के एक अन्य मामले आरसी 68 ए/96 में सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एसएस प्रसाद की अदालत में लालू पेश हुए। इस मामले में भी लालू की ओर से बिहार के कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह और डीजी सुनील कुमार की गवाही नहीं हुई। दोनों गवाह उपस्थित नहीं हुए। यह मामला चाईबासा कोषागार से 37 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़ा है। चारा घोटाला के एक अन्य मामले आरसी 38ए/96 में सीबीआई के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत में लालू प्रसाद यादव उपस्थित हुए। यह मामला दुमका कोषागार से 3.13 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़ा है। जबकि चारा घोटाला के आरसी 47ए/96 मामले में सीबीआई के विशेष न्यायाधीश प्रदीप कुमार की अदालत में लालू प्रसाद यादव हाजिर हुए। यह मामला डोरंडा कोषागार से 139. 33 करोड़ रुपए की अवैध निकासी से जुड़ा है।
इधर, लालू यादव के अदालत में पहुंचने के दौरान कोर्ट की सुरक्षा कड़ी कर दी गयी थी। लालू एनएसजी कमांडो के घेरे में कार से कोर्ट पहुंचे थे। इनके साथ राजद के प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा, पूर्व विधायक संजय सिंह यादव, संजय यादव, रामचंद्र सिंह के अलावा राजद के कई नेता कार्यकर्ता अदालत परिसर में मौजूद थे। लालू ने कोर्ट परिसर में मीडिया से कोई भी बातचीत नहीं की। कोर्ट से निकलकर लालू सीधे बरियातू स्थित राजकीय अतिथिशाला गये। वहां पर पत्रकारों से बातचीत करने के बाद वह सीधे एयरपोर्ट पहुंचे और पांच बजे पटना के लिए रवाना हो गये। इससे पहले लालू यादव गुरुवार सुबह 6 बजे रांची पहुंचे थे। लालू पटना से कार से ही रांची पहुंचे थे। वहां गेस्ट हाउस में रहने के बाद यादव 10 बजे गेस्ट हाउस से निकलकर अदालत पहुंचे। वहां पेशी के बाद वह 12.31 बजे कोर्ट से बाहर निकले।