झारखंड
युवक को मारने आए बदमाशों ने धोखे में उसके चाचा को गोली मारी
By Deshwani | Publish Date: 22/7/2017 11:46:26 AMदेवघर (हि.स.)। यहां के अतिव्यस्ततम मोहल्ला मेघलाल पूरी लेन, सनवेल बाज़ार में शनिवार अहले सुबह नीमा चंद्र मिश्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश युवक को मारने आए थे लेकिन धोखे में युवक के चाचा को गोली मार दी।
जानकारी के अनुसार घर में सोये नीमा चन्द्र मिश्र की कुछ लोगों ने घर में घुस कर उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। गोली उनके सिर पर लगी थी। बदमाशों ने छत के सहारे कमरे में प्रवेश कर घटना को अंजाम दिया है। बताया गया कि वे लोग आशीष मिश्रा की तलाश में आये थे और धोखे से नीमा मिश्रा को गोली मार दी। मृतक आशीष के चाचा थे और बीमार अवस्था में कोलकाता से अपना इलाज कराकर लौटे थे। वे चलने -फिरने से भी लाचार थे।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों शहर के जलसार रोड में दिन-दहाड़े हुए गोली कांड में आशीष मिश्रा का नाम आया था और इस घटना को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक अन्नेपु विजयालक्ष्मी सहित तमाम बड़े पुलिस पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायज़ा लिया।
सनवेल मन्दिर से सटा इलाका है और सघन आबादी वाला क्षेत्र है। श्रावणी मेले के कारण यहां 24 घण्टों लोगों की आवाजाही होने के साथ ही भारी पुलिस बल की भी तैनाती रहती है। इसके बावजूद ऐसी घटना होने से पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगना स्वभाविक है।