झारखंड
गिट्टी लदा हाइवा पलटने से शिक्षक की मौत
By Deshwani | Publish Date: 12/7/2017 4:42:11 PMदुमका, (हि.स.)। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दुमका-रामपुरहट मुख्य पथ पर पत्ताबाड़ी के समीप गिट्टी लदा हाईवा पलटने से उसमें दबकर कमलेश कुमार सिंह(45) की मौत हो गई। घटना बुधवार की है। मृतक कमलेश कुमार सिंह प्राथमिक विद्यालय मुड़ायाम, शिकारीपाड़ा में शिक्षक के पद पर पदस्थापित थे।
जानकारी के अनुसार शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सरसडंगाल से हाईवा गिट्टी लोड कर आ रही थी। अचानक पत्ताबड़ी के समीप तीखे मोड़ पर संतुलन खोकर पलट गई, जिसकी चपेट में सिंह आ गये। शिक्षक जिला के नगर थाना क्षेत्र के नेशनल स्कूल रोड में निवास करते थे। वहीं घटना के बाद चालक भागने में सफल रहा। घटना में हाईवा का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने खलासी को गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं काफी मशक्कत के बाद गिट्टी के नीचे दबे मृतक कमलेश का शव निकाल कर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया गया।