झारखंड
पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर धरना
By Deshwani | Publish Date: 22/6/2017 6:37:20 PMरांची, (हि.स.)। झारखंड में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट की ओर से राजभवन के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया गया। यूनियन के अध्यक्ष रजत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों पत्रकार शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय भी उपस्थित थे। इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष रजत कुमार गुप्ता ने कहा कि राज्यभर में आये दिन पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं। लेकिन राज्य में अभी तक पत्रकार सुरक्षा कानून लागू नहीं हुआ है।
ऐसे में यूनियन मांग करता है कि झारखंड में भी पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाये। उन्होंने कहा कि चतरा में पत्रकार इंद्रदेव यादव, हजारीबाग में हरि प्रताप, यूनियन के सदस्य पवित्र निकेतन भक्त की हत्या कर दी गयी। लेकिन अभी तक इस हत्याकांड में शामिल दोषियों के खिलाफ कोई कार्यवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि रांची के मांडर में ललन पांडेय पर जानलेवा हमला हुआ, पाकुड़ में पत्रकार संजय कुमार पर भी हमला किया गया, लेकिन अभी तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह राज्य के अन्य इलाकों में भी आये दिन पत्रकारों को प्रताड़ित करने की घटनाएं बढ़ गयी है। सबसे अधिक परेशानी नक्सलवाद प्रभावित ग्रामीण इलाकों के पत्रकारों को है, जिन्हें नक्सलियों और पुलिस दोनों का कोपभाजन बनना पड़ता है। उन्होंने मांग किया कि इन तमाम घटनाओं की जांच करायी जाये और दोषियों पर कार्रवाई किया जाये। मौके पर एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को मांग पत्र भी सौंपा। इस अवसर पर हरिनारायण सिंह, धीरेन्द्र चौबे, संजय पाण्डेय, रवीन्द्र साहू, एमएम राही, सुशील सिंह मंटू सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे।