झारखंड
पिठौरिया के हर किसान को कर्ज मुक्त करने की जरूरत: कांग्रेस
By Deshwani | Publish Date: 17/6/2017 6:08:02 PMरांची, (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि रांची से सटे पिठौरिया स्थित सिलमबेड़ा और सुतियाम्बे के किसानों की आत्महत्या को सरकार गंभीरता से ले।
संयुक्त राजनीतिक दलों की ओर से किसानों की आत्महत्या को लेकर आहूत कांके और पिठौरिया बन्द स्वतः स्फूर्त सफल रहा, जो दर्शाता है कि किसानों ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि एक तरह से उनकी हत्या हुई है और प्रशासन सच्चाई को झुठलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस और झामुमो सहित सभी स्थानीय विपक्षी दलों के कार्यकर्त्ताओं को किसानों के संघर्ष और आन्दोलन के लिए धन्यवाद दिया है। अन्नदाता की सुरक्षा एवं हिफाजत के लिए तैयार रहने का अहवान किया है।
दुबे ने कहा है कि एक रिपोर्ट के अनुसार पिठोरिया का हर किसान कर्जदार है, जिसे कर्ज से मुक्त करने की जरूरत है। इससे पिठौरिया सुतियाम्बे, कोनकी, राढ़ा, सिलमबेड़ा, ईचातिरी के किसानों में काफी आक्रोश है। कृषि पर आधारित इन किसानों को सरकार की ओर से अविलम्ब सहायता दी जाए। मृतक किसानों के परिजनों और बच्चों के परवरिश की जिम्मेवारी सरकार को लेनी चाहिए। सरकार को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि पिठोरिया की पुनरावृति नहीं हो, अन्यथा इसके गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार नहीं चेती, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।