झारखंड
जीएसटी के विरोध में दुकानें रही बंद
By Deshwani | Publish Date: 15/6/2017 7:36:52 PMरांची, (हि.स.)। झारखंड की कपड़े की सभी थोक और खुदरा दुकानें गुरुवार को बंद रही। दुकानें बंद कर सुबह 10 बजे गांधी चौक व्यवसायियों ने जीएसटी के विरोध में प्रदर्शन किया और बाजार में घूम कर सभी कपड़ा व्यवसायियों से दुकानें बंद करने की अपील की। बंद का असर रांची, चाईबासा, गिरिडीह, जमशेदपुर, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद सहित अन्य जिलों में बंद का असर देखा गया। इन जिलों में अधिकतर कपड़ा दुकानें बंद रही। राजधानी के लगभग 1500 लोग इस जुलूस में शामिल हुए और जीएसटी वापस लेने का नारा लगाया।
मौके पर प्रवीण लोहिया ने बताया कि हम भी देश का विकास चाहते है और हर तरह से सहयोग करते भी हैं। मगर नोटबंदी की तरह एकाएक कपड़े को कर के दायरे में लाने का पुरजोर विरोध करते हैं। जीएसटी कौंसिल की बैठक में 03 जून को यह निर्णय लिया गया और 01 जुलाई से इसे लागू किया जाना उचित नहीं है। 70 साल की व्यवस्था पर अगर अचानक इस तरह के कानून को थोपा गया तो वस्त्र व्यवसाय पूरी तरह खत्म हो जायेगा और भविष्य सिर्फ बड़े घरानों के हाथ में सिमट कर रह जायेगा। सरकार को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।