झारखंड
कर्ज के कारण नहीं मरा किसान बलदेव : डीसी
By Deshwani | Publish Date: 15/6/2017 3:53:30 PMरांची, (हि.स)। डीसी मनोज कुमार ने बताया कि किसान बलदेव उर्फ वासुदेव महतो की मौत के बाद सोशल मीडिया में उनके कर्ज वसूली के दवाब में आत्महत्या की खबरें लगातार आ रही थी जिसके बाद प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना स्थल पर जांच के लिए अधिकारियों को भेजा। जांच क्रम में बैंक से लिए गए कर्ज के कारण आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में नहीं आया है।
डीसी ने भवन के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में गुरुवार को बताया कि पुलिस विभाग, जिला प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारी अपनी-अपनी जांच कर रहे हैं। बलदेव महतो ने कुछ दिन पहले ही बैंक से केसीसी के तहत लोन लिया था। लोन मिलने के बाद कलेश्वर महतो ने तीन बार ट्रांजेक्शन कर खाते से 20,000 रुपये भी निकाले थे। इतने अल्प समय में कोई भी बैंक कर्ज वापसी के लिए पहल नहीं करती है ऐसे में कलेश्वर महतो पर किसी भी प्रकार का कर्ज वापसी का दवाब नहीं था। उन्होंने बताया कि जांच के क्रम में यह भी पता चला कि कलेश्वर प्रतिदिन शराब का सेवन करता था।
डीसी ने जांच के क्रम में बनाए गए वीडियो, फोटो और बलदेव द्वारा बैंक से की गई निकासी का ब्योरा मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया। संवाददाता सम्मेलन में रांची के एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने कहा कि बलदेव महतो की मौत की खबर के बाद ही पुलिस अधिकारियों ने अपनी जांच शुरू कर दी थी। इसे अस्वभाविक मौत का मामला समझ संबंधित थाना में दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को बलदेव महतो के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे उनकी मौत का कारण पता चलेगा। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। मौके पर सूचना जन सम्पर्क विभाग के निदेशक राजीव लोचन बख्शी, उप निदेशक शालिनी वर्मा, जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।