झारखंड
अगस्त में शुरू होगा बिरसा चौक का ओवर ब्रिज
By Deshwani | Publish Date: 15/6/2017 1:44:23 PMरांची, (हि.स.)। राजधानी रांची के बिरसा चौक पर बन रहे ओवर ब्रिज का काम जल्द ही पूरा हो जाएगा और इसे आम लोगों के लिए भी खोल दिया जाएगा। राज्य सरकार और रेलवे के सहयोग से बन रहे इस ब्रिज का काम पूरा होने से बिरसा चौक से एचईसी और अन्य जगह पर जाने वाले लोगों को काफी आसानी होगी।
दोनों पुल के बीच में गार्डर रखने का काम हो गया है, जबकि स्लेब रखने का काम बचा हुआ है। यह काम पूरा होते ही एप्रोच रोड बनाने का काम शुरू हो जाएगा। इस संबंध में विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो अगस्त में इस ओवर ब्रिज का उद्घाटन के बाद आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
ब्रिज की लागत लगभग 6.25 करोड़ रुपये है, वहीं एप्रोच रोड सहित अन्य कार्य में सवा करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस ब्रिज में एक साथ दो गाड़ियां जा सकती हैं। पथ निर्माण विभाग की ओर से इस ब्रिज को जोड़ने के लिए भी योजना बनाई गई है। पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं का मानना है कि 25 मीटर लंबा और 11.5 मीटर चौड़े ब्रिज की उम्र लगभग 70 साल के बीच होगी। इस ब्रिज को बनाने में भूकंप रोधी तकनीकी का भी इस्तेमाल किया गया है।