झारखंड
अनर्गल बयानबाजी कर रहे हेमंत सोरेन : प्रतुल शाहदेव
By Deshwani | Publish Date: 9/6/2017 7:28:54 PMरांची, (हि.स.)। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि विधानसभा में सीएनटी-एसपीटी पर चर्चा से भागने वाले हेमंत सोरेन का मुख्यमंत्री को इसी मुद्दे पर सार्वजनिक डिबेट के लिए चुनौती देने की बात हास्यास्पद है। उन्होंने सोरेन से पूछा कि जब-जब विधानसभा में इस विषय पर चर्चा हुई, तो उन्होंने और उनके दल ने सत्र का बहिष्कार कर झारखंड की जनता को छला है। विधानसभा से चर्चा से भागने वाले झामुमो नेता अब जनता को बरगलाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं।
शाहदेव ने कहा कि सीएनटी-एसपीटी पर चर्चा के लिए सरकार ने अपने दरवाजे खुले रखे थे। मगर विपक्ष ने हठधर्मिता के कारण उस समय चर्चा नहीं की। बल्कि जब खुद हेमंत सरकार में थे, तो उन्होंने भी संशोधन का प्रयास किया था। मगर आज वे अपनी ही बात से पलट कर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। शाहदेव ने हेमंत सोरेन को याद दिलाया कि उन्होंने 11 मार्च को हेमंत को सीएनटी-एसपीटी पर डिबेट की चुनौती दी थी। उन्होंने आज फिर अपनी चुनौती दोहराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तो दूर की बात है पहले भाजपा के एक साधारण कार्यकर्ता से सीएनटी-एसपीटी मुद्दे पर हेमंत सोरेन डिबेट कर लें।