झारखंड
स्टैच्यू ऑफ उलगुलान के लिए भूमि पूजन 9 को
By Deshwani | Publish Date: 2/6/2017 5:26:14 PMरांची, (हि.स.)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की विश्व में सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ उलगुलान को स्थापित करने के लिए उलगुलान फाउंडेशन की बैठक शुक्रवार को कांके रोड स्थित कार्यालय में संरक्षक सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में हुई। नौ जून को भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रधान नगर, एदलहातु बुंडू में प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमि पूजन किया जायेगा। उनकी पुण्यतिथि के पूर्व आठ जून को भगवान बिरसा मुंडा की समाधि स्थल उनके वंशजों द्वारा परंपरागत विधि विधान से मिट्टी उठाया जायेगा और रथ से बुंडू प्रधान नगर पहुंचाया जाएगा। रथ की अगवानी और स्वागत रांची से बुंडू तक विभिन्न स्थानों पर परंपरागत रूप से किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर तैयारी समिति गठित की गई है।
आजसू प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने बताया कि 15 नवम्बर 2016 को बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर उलिहातु, खूंटी में बिरसा जन पंचायत में उनकी विश्व में सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैचू ऑफ उलगुलान का निर्माण करने का निर्णय लिया गया था। इस प्रतिमा को उलगुलान फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित करने का निर्णय लिया गया। उलगुलान फॉउंडेशन को प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध हो चुका है। भूमि दाता रामदुर्लभ सिंह मुंडा ने प्रधान नगर, एदलहातु में दो एकड़ जमीन उलगुलान फाउंडेशन को दी। प्रतिमा का निर्माण मथू राम वर्मा एवं नरेश कुमार कर रहे हैं। इनका सहयोग डॉ अभय गुप्ता कर रहे हैं। स्टैच्यू भूकंपरोधी और 150 फुट ऊंचा होगा। बैठक में विधायक विकास कुमार मुंडा, डॉ संजय बसु मल्लिक, डॉ मुकुंद महतो, डोमन सिंह मुंडा, राम दुर्लभ सिंह मुंडा, जिला परिषद अध्यक्ष सुकरा मुंडा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।