झारखंड
छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच परिवहन समझौता
By Deshwani | Publish Date: 1/6/2017 5:36:29 PM रांची, (हि.स.)। नगर विकास मंत्री सह परिवहन मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि झारखंड और छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर दोनों राज्यों के बीच परिवहन को प्रोत्साहित करने के प्रोजेक्ट पर कार्य करें। किसी भी तरह की समस्या हो तो वे आपस में बैठक कर निदान निकालें। सिंह गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में झारखंड राज्य एवं छत्तीसगढ़ राज्य के मध्य यातायात समझौते को लेकर आयोजित बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में सस्ती और अच्छी परिवहन सेवा को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। यातायात सेवा के विस्तारीकरण से राज्य में हो रहे विकास को तीव्र गति मिलेगी। झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच यातायात समझौते से यातायात परिचालन सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि लोगों को अच्छी सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने को लेकर सरकार गंभीर है। प्रदेश में त्वरित आर्थिक विकास तथा झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य की समीपता को ध्यान में रखते हुए यह समाचीन समझा गया है कि दोनों राज्यों के बीच यात्रियों और माल की लंबी दूरी के अंतरराज्यीय परिवहन को प्रोत्साहित किया जाये। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच परिवहन सेवा का लाभ आम जनता को मिले, इस पर अधिकारी विचार करें। जल्द से जल्द नये मार्गों के विकल्प को चिह्नित करें और जो बेहतर विकल्प हो, उस पर कार्य करना शुरू करें। वातानुकूलित बसों के परिचालन के लिए मार्गों को चिह्नित कर सेवा प्रारंभ करें। उन्होंने परिवहन सचिव को निर्देश दिया कि स्लीपर युक्त बसों के परमिटों की बाधाओं को दूर करें।
उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के यात्रियों को अच्छी से अच्छी सेवा प्रदान हो, इसे देखते हुए लंबी दूरी के लिए चलने वाले अंतरराज्यीय वाहनों में यात्रियों की बैठने की क्षमता पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच परिवहन सेवा को लेकर बैठक के दौरान 10 बिन्दुओं पर सहमति बनी है।