झारखंड
आंधी-पानी से नुकसान, एनएच-33 पर लगा जाम
By Deshwani | Publish Date: 26/5/2017 5:51:13 PMरांची, (हि.स.)। राजधानी रांची समेत दक्षिणी छोटानागपुर के रांची, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और खूंटी, वहीं उत्तरी छोटानागपुर के हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, समेत राज्य के अन्य क्षेत्रों में शुक्रवार दोपहर बाद आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई । इस दौरान लोहरदगा और रामगढ़ में कई पेड़ गिरने और कई घरों के छप्पर उड़ गये। वहीं कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिरने की सूचना है। पेड़ गिरने से रामगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) -33 पर जाम लग गया है।
राज्य के आपदा विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार लोहरदगा में तेज आंधी के साथ हुई बारिश की वजह से भारी नुकसान पहुंचा है। यहां सैकड़ों पेड़ और उसकी डालियां गिरने से दो दर्जन से अधिक घरों को नुकसान हुआ है वहीं कई झोपड़ियां उड गयी हैं । शहर में होर्डिंग्स गिरने से यातायात पर असर पड़ा। नालियों का कचरा सड़क पर आ जाने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई। यहां आम की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। यहां जिला प्रशासन ने क्षति का आकलन शुरू कर दिया है। तूफान से जगह-जगह बिजली के तार टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। आंधी से अजय उद्यान पार्क में भारी तबाही की खबर है।
राजधानी रांची से सटे रामगढ़ में आधे घंटे तक हुई तेज बारिश और तूफान से बड़ी तबाही हुयी है। यहां कई जगहों पर दर्जनों पेड़ गिरे । इससे एनएच-33 (रांची-हजारीबाग रोड) पर कई जगह जाम लग गया। आंधी-पानी और ओले गिरने से खेतों में तैयार फसल को काफी नुकसान हुआ है। इसके अलावा रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर के आस-पास आंधी-पानी से नुकसान की खबर है यहां की करीब दर्जनों दुकानें हवा में उड़ गईं।