झारखंड
नशाबंदी के खिलाफ पूर्व सांसद ने बनाया नशाबंदी महिला मोर्चा
By Deshwani | Publish Date: 15/2/2017 3:47:20 PMजमशेदपुर, (हि.स.)। जमशेदपुर की पूर्व सांसद सुमन महतो ने बुधवार को जिले में कई स्थानों को कई अवैध शराब की भट्टियों को बंद करने की मांग उपायुक्त से की है। सुमन महतो ने नशाबंदी संयुक्त महिला मोर्चा नामक गैर राजनीतिक संगठन बनाया है। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों की महिलाओं को भी शामिल किया गया है। उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने के बाद सुमन महतो ने कहा कि बिरसानगर में चल रहे अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन सहयोग करें क्योंकि यहां कई वर्षों से अवैध शराब की भट्टियां चलाई जा रही हैं। परिणाम स्वरूप परिवारों में कलह, अपराध, घरेलू हिंसा, बेरोजगारी दरिद्रता और पिछड़ापन अपने चरम पर है। अत्यधिक शराब पीने के कारण कम आयु में ही युवकों की मौत हो रही है। इसका सबसे बड़ा खामियाजा महिलाओं को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जिला प्रशासन जल्द से जल्द अवैध शराब भट्टियों को नहीं तोड़ता है तो नशाबंदी संयुक्त महिला मोर्चा खुद जाकर इन अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त करेगी।