जमशेदपुर
दो दिन पहले जमानत पर छूटे युवक की पीट कर हत्या
By Deshwani | Publish Date: 14/7/2017 11:17:10 AMजमशेदपुर, (हि.स.)। शहर के कदमा थाना क्षेत्र के निहारिका अपार्टमेंट के पास पीट-पीट कर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक युवक की पहचान रोबिन गोराई के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मृतक बीते बुधवार को ही भोला ठाकुर हत्याकांड मे सरायकेला जेल से जमानत पर छूटा था। वहीं घटना स्थल पर पहुंचे एसपी ( सिटी) प्रशांत आनन्द ने इस हत्या को आपसी रंजिश बताया है। उन्होंने कहा कि इस मामले मे जो भी आरोपी है उसे पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी। पता चला है कि देर रात पुलिस ने इस मामले मे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि मृतक रॉबिन गोराई भोला ठाकुर हत्याकांड में सरायकेला जेल से बुधवार को जमानत पर रिहा हुआ था। उसी खुशी मे वह दोस्तों के साथ भाटिया बस्ती में गुरुवार को पार्टी कर रहा था। पार्टी कर जब वह लौटने लगा तो ऱास्ते में भानु माझी और उसके दोस्तों ने उसे घेर लिया और उसके बाद उसने लकड़ी के फट्टे व ईंट-पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है इस हत्याकांड का आरोप जिस भानु माझी पर लगा है वह मृतक भोला ठाकुर का दोस्त है। रॉबिन ने 2016 में अपने साथियों की मदद से भोला ठाकुर का अपहरण कर बाद में उसे मौत के घाट उतार दिया था। माना जा रहा है यह हत्या उसी का परिणाम है।