झारखंड
भाजपा सादगीपूर्वक 26 को मनाएगी मोदी सरकार की तीसरी वर्षगांठ
By Deshwani | Publish Date: 24/5/2017 11:56:26 AMजमशेदपुर, (हि.स.)। केंद्र सरकार के सफलतम तीन वर्ष 26 मई को पूरे हो रहे हैं। इस उपलब्धि को भाजपा समारोह पूर्वक मनाने की तैयारी में जुटी है। जमशेदपुर महानगर भाजपा के वरीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 26 मई को मोदी सरकार के तीसरी वर्षगांठ को भाजपा सादगीपूर्ण ढंग से मनाएगी। इन दौरान बीते वर्ष हुए भव्य आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों से परहेज रखा जाएगा। पार्टी की ओर से बताया गया की हाल के दिनों में शहर में अफवाह के वारदातों ने कई निर्दोषों की जीवन लीला समाप्त कर दी।
बावजूद इसके कई दल और संगठन इस मुद्दे को तूल देकर साम्प्रदायिक रंग देने की फिराक में है। ऐसे में पार्टी मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जश्न के समारोहों से परहेज रख पीड़ितों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करेगी। उन्होंने बताया गया कि 26 मई को जिला भाजपा द्वारा बर्मामाइंस अंतर्गत कुष्ठ आश्रम में फल वितरण कर सेवा-संकल्प दिवस के रूप में तीसरी वर्षगांठ मनाई जाएगी। इसके अलावे सभी मण्डलों में एक सप्ताह के भीतर संबंधित कार्यक्रम करने को निर्देशित किया गया है। भाजपा ने कहा कि मण्डलों में बूथ स्तर तक सरकार के उल्लेखनीय योजनाओं के रिपोर्ट कार्ड लेकर जनअभियान चलाये जाएंगे जिसमें मण्डलों के प्रभारी के अलावे प्रदेश एवं जिले के वरीय नेता मुख्य रूप से मौजूद रहकर संबोधन करेंगे।