काराकास, (हि.स.)। वेनेज़ुएला में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के पचासवें दिन प्रदर्शनकारियों ने चोरी के शक़ में एक व्यक्ति को आग लगा दी। इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से एक छात्र की मौत हो गई, 48 अन्य घायल हो गए हैं। यह जानकारी सोमवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
उल्लेखनीय है कि विरोध शुरू होने के पचासवें दिन देशभर में बड़ी तादाद में लोग प्रदर्शनों में शामिल हुए। ये प्रदर्शन लगातार हिंसक होते जा रहे हैं। माना जा रहा है कि पूर्वी काराकास में हुए प्रदर्शन में 46 लोग घायल भी हुए हैं।
बीबीसी के अनुसार, काराकास में प्रदर्शन के दौरान शनिवार को 21 वर्षीय ओरलांडो फ़िग्वेरा को आग लगा दी गई थी। वह 80 फ़ीसदी तक जल गए हैं। गृह मंत्रालय के मुताबिक उन्हें चाकू भी मारे गए हैं। इसके अलावा प्रदर्शन में शामिल एडी एलेहांड्रो एग्वीलार की गोली लगने से मौत हो गई। प्रदर्शनों में अब तक 48 लोग मारे जा चुके हैं।
स्पेनिश वेबसाइट ग्लोबो डॉट कॉम के मुताबिक नेता और पत्रकार अर्ले हेरारा ने बताया है कि जिस व्यक्ति को आग लगाई गई उस पर चोरी के आरोप लगाए गए हैं। उधर, अटार्नी जनरल के कार्यालय के अनुसार, बंदूकधारियों ने पश्चिमी शहर वालेरा में प्रदर्शनकारियों पर गोली चला दी। इस घटना में दो लोग गोली लगने से घायल भी हुए हैं।
विदित हो कि पेट्रोलियम की गिरती कीमतों के कारण वेनेज़ुएला की स्थिति काफी खराब हो गई है। सरकार आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने में बुरी तरह वहफल हो रही है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पद छोड़ दें और चुनाव कराएं।