अंतरराष्ट्रीय
हाफिज सईद की हिरासत अवधि बढ़ी
By Deshwani | Publish Date: 1/5/2017 7:14:45 PM लाहौर, (हि.स.)। पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने सोमवार को एक अधिसूचना जारी कर जमाउद दावा (जेयूडी) के प्रमुख हाफिज मुहम्मद सईद की घर में नजरबंदी की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ा दी है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।
उल्लेखनीय है कि जेयूडी के प्रमुख सईद को गत 31 जनवरी को घर में नजरबंद रखा गया था और उनके सहयोगी जेयूडी के अब्दुल्ला उबैद, अब्दुल रहमान आबिद, जफर इकबाल और मुल्तान के काजी काशिफ नियाजी को उस समय सुरक्षात्मक हिरासत में लिया गया था।
समाचार पत्र डॉन के अनुसार, पंजाब सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में हाफिज सईद के जोहार शहर स्थित घर को अगले 90 दिनों के लिए उप जेल के रूप में घोषित किया गया है। सरकारी अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि घर में नजरबंद सईद के अन्य सहयोगी भी तीन महीने तक इसी स्थल पर रहेंगे।
विदित हो कि जयूडी और उसके अनुषंगी संगठन फलाह-ए-इंसानियत को दूसरी अनुसूची में शमिल किया गया है और छह महीने के लिए सरकार की निगरानी सूची में रखा गया है। इसके अलाव जेयूडी के अनेक नेता को निकास नियंत्रण सूची में भी रखा गया है।