अंतरराष्ट्रीय
‘ परमाणु हथियार से मानवता विनाश के कगार पर ’
By Deshwani | Publish Date: 11/12/2017 4:11:59 PMओस्लो, (हि.स.)। उत्तर कोरियाई परमाणु परीक्षणों के बाद अमेरिका के साथ उसके विवाद की पृष्ठभूमि में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता ‘द इंटरनेशनल कैम्पेन टू एबोलिश न्यूक्लियर वीपंस’ (आईसीएएन) ने आगाह किया कि मानवता विनाश के कगार पर है।
समाचार एजेंसी रॉयटर के अनुसार, परमाणु विरोधी समूह की ओर से यहां शांति पुरस्कार ग्रहण करने के बाद आईसीएएन प्रमुख बीट्रिस फिन ने अपने संबोधन में कहा कि सभी राष्ट्रों को परमाणु हथियारों का अंत करने का फैसला करना चाहिए, नहीं तो हम खत्म हो जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा, “ हमारे सिर पर तलवार लट रही है। उम्मीद थी कि यह हथियार हमें स्वतंत्र रखेंगे, लेकिन उन्होंने हमें अपनी स्वतंत्रता से वंचित कर दिया है।”
बीट्रिस फिन ने कहा कि आईसीएएन विवेकशील फैसला का प्रतीक है। यह संगठन उनका प्रतिनिधित्व करता है, जो परमाणु हथियारों का अंत चाहते हैं। दुनिया भर के सैकड़ों गैर-सरकारी समूहों (एनजीओ) का यह गठबंधन है। इस साल जुलाई महीने में 122 देशों ने इसे स्वीकार किया था। लेकिन परमाणु शक्तियों से लैस नौ देशों ने इस पर हस्ताक्षर नहीं किए।