अंतरराष्ट्रीय
भूकंप की तीव्रता मापने की नई तकनीकी विकसित
By Deshwani | Publish Date: 5/12/2017 3:53:57 PMलंदन, (हि.स.)। वैज्ञानिकों ने शक्तिशाली भूकंपों की तीव्रता के जल्द आकलन करने के लिए गुरुत्वाकर्षण पर आधारित एक नई तकनीक विकसित की है। यह जानकारी मंगलवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
रिपोर्ट के मुताबिक, वैज्ञानिकों का कहना है कि यह तकनीक वर्तमान में मौजूद तकनीक की तुलना में भूकंप की तीव्रता का जल्द आकलन करने में सक्षम है। बहरहाल, इस कुदरती घटना की माप के लिए भूकंप की तरंगों का प्रयोग किया जाता है।
इस तकनीकी से पेरिस डेडोरॉट यूनिवर्सिटी और अमेरिका के कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के शोधकर्ताओं ने वर्ष 2011 में जापान के तोहोकु में आए भूकंप का विश्लेषण किया था।
शोध में यह पता चला है कि गुरुत्वाकर्षण में बदलाव के जरिये बहुत जल्द जानकारी हासिल की जा सकती है। भूकंप आने पर उसकी तरंगों की माप से भी पहले गुरुत्वाकर्षण में होने वाले तात्कालिक बदलाव को दर्ज किया जा सकता है।