अंतरराष्ट्रीय
सउदी अरब ने यमन से दागी गई मिसाइल को मार गिराया
By Deshwani | Publish Date: 1/12/2017 5:24:41 PM रियाद, (हि.स.)। सउदी अरब ने यमन से दागी गई मिसाइल को रास्ते में ही मार गिराया। यह मिसाइल हमला यमन के हौदी आतंकी संगठन ने किया था। यह जानकारी शुक्रवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, यमन से दागी गई मिसाइल सउदी के दक्षिणी पश्चिमी भाग में स्थित खमीज मुशैत शहर की ओर आ रही थी। सउदी अरब के नेतृत्व में गठबंधन सेना के प्रवक्ता तुर्की अल मलिकी ने कहा कि हौदी विद्रोहियों के पास मिसइलें हैं जो अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं।
विदित हो कि हौदी यमन के शिया विद्रोहियों का संगठन है जिसे ईरान से हर संभव सहायता मिल रही है। अमेरिका और सउदी अरब इसे आतंकी संगठन मानते हैं। सउदी की गठबंधन सेना इस संगठन के खिलाफ अभियान चला रही है।
उल्लेखनीय है कि यमन ने इस महीने दूसरी बार सउदी अरब को निशाना बनाया है। इससे पहले किंग खालिद हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया था, लेकिन उस मिसाइल को भी रास्ते में ही मार गिराया गया था।