अंतरराष्ट्रीय
सीरिया में रूसी हमला, 50 मरे
By Deshwani | Publish Date: 13/11/2017 4:21:46 PMबेरूत, (हि.स.)। सीरिया से आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ रूसी अभियान जारी है। पूर्वी सीरिया में विस्थापित लोगों के लिये बनाये गये दो शिविरों एवं इसके आसपास के इलाके में गोलाबारी और रूसी बमबारी में करीब 50 आम लोग मारे गए हैं। यह जानकारी सोमवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने सोमवार को कहा कि पिछले शुक्रवार की रात से दीर एजोर प्रांत में जारी भीषण बमबारी में करीब 50 लोग मारे गए हैं, जिसमें 20 बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ब्रिटेन स्थित निगरानी संस्था ने शनिवार को मृतकों की संख्या 26 बताया था जो कि ताजा आंकड़े की तुलना में लगभग आधा है।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, बमबारी फरात नदी के करीब के इलाके को निशाना बनाकर की गई। इसके साथ ही सीरिया के सीमावर्ती शहर अल्बु कमाल और विस्थापितों के गांवों और शिविरों को निशाना बनाया गया।
विदित हो कि अल्बु कमाल अंतिम महत्वपूर्ण सीरियाई शहर है, जो इस समय आतंकी संगठन आइएस के नियंत्रण में है। अगर आइएस से यह शहर छिन जाता है, तो उन्हें भूमिगत ही होना पड़ेगा।