इस्लामाबाद, (हि.स.)। पनामा मामले में मुकदमा का सामना करने के लिए पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ लंदन से लौट आए है। यह जानकारी गुरुवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
विदित हो कि वह कैंसर से जूझ रही अपनी पत्नी कुलसुम की देखभाल करने के लंदन लिए गए थे। पिछले दिनों उनकी तबीयत काफी खराब हो गई थी, जिसके बाद नवाज शरीफ तुरंत लंदन के लिए रवाना हो गए थे।
पनामा पेपर घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के दो मामलों में पेश नहीं होने पर जवाबदेही अदालत ने 26 अक्टूबर को नवाज शरीफ के खिलाफ जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसके बाद शरीफ को मजबूरन पाकिस्तान लौटना पड़ा है।
शरीफ ने लंदन में मीडिया से कहा था कि वह ऐसे समय ‘फर्जी मामलों’ का सामना करने के लिए पाकिस्तान लौट रहे हैं, जबकि उन्हें अपनी पत्नी के साथ होना चाहिए।
उन्होंने कहा, 'ये मामले फर्जी हैं, लेकिन मैं उनका सामना करने के लिए लौट रहा हूं।' अदालत शुक्रवार से सुनवाई फिर से शुरू करेगी। इन मामलों में नवाज शरीफ, उनकी बेटी मरियम, दामाद मोहम्मद सफदर को समन भेजे गए हैं। ये सभी शुक्रवार को कोर्ट में पेश होंगे।