अंतरराष्ट्रीय
उ.कोरिया के छठे परमाणु परीक्षण से 200 मरे
By Deshwani | Publish Date: 31/10/2017 7:30:21 PMटोक्यो, (हि.स.)। उत्तर कोरिया के छठे परमाणु परीक्षण के दुष्परिणाम अब उजागर हो रहे हैं। इसके कारण अब तक कम से कम 200 लोगों की मौत हो चुकी है। यह जानकारी मंगलवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
जापानी के एक टीवी चैनल ने दावा किया है कि परमाणु परीक्षण से एक सुरंग ढह गई थी जिसमें संभवतः 200 से अधिक लोग मारे गए थे। सुरंग परमाणु परीक्षण स्थल के पास ही थी।
विदित हो कि उत्तर कोरिया ने तीन सितंबर को छठा परमाणु परीक्षण किया था। उसने इसे हाइड्रोजन बम का परीक्षण बताया था। परीक्षण के वक्त रिक्टर पैमाने पर 6.3 की तीव्रता वाला भूकंप मापा गया था।
जापानी टीवी 'असाही' ने मंगलवार को घटना से जुड़े अनाम लोगों के हवाले से बताया कि उत्तर कोरिया के पंग्गी-री परमाणु परीक्षण स्थल की एक सुरंग (टनल) प्रभावित हुई थी।
परीक्षण के बाद 10 सितंबर के आसपास यह ढह गई थी। उस समय करीब 100 श्रमिकों की मौत हुई थी। जब बचाव अभियान चलाया जा रहा तब सुरंग में दूसरी बार हादसा हो गया। इससे मरने वालों की संख्या 200 के पार पहुंच गई।
विशेषज्ञ पहले ही कह चुके हैं कि परीक्षण स्थल के समीप के इलाकों में भूकंप के झटकों और भूस्खलन की वजह छठा परमाणु परीक्षण हो सकता है। इसके चलते यह क्षेत्र अस्थिर हो चुका है और परमाणु परीक्षण के लिहाज से पंग्गी-री का लंबे समय तक उपयोग नहीं किया जा सकता है।