अंतरराष्ट्रीय
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति का पुत्र गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 11/10/2017 5:43:14 PMकोलंबो, (हि.स.)। हम्बनटोटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के बाहर प्रदर्शन करने के आरोप में श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बड़े बेटे नमल और दो अन्य सांसदों को गिरफ्तार कर लिया गया। वे हम्बनटोटा हवाई अड्डे को एक भारतीय कंपनी को पट्टे पर दिए जाने के प्रस्ताव का विरोध कर रहे थे। यह जानकारी बुधवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
विदित हो कि देश के दक्षिणी प्रांत में स्थित हम्बनटोटा में मताला महिंदा राजपक्षे अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण राजपक्षे के कार्यकाल के दौरान चीन के सहयोग से किया गया था। मौजूदा सरकार ने इसे एक भारतीय कंपनी को लीज पर देने की योजना बनाई है। इसका पूर्व राष्ट्रपति राजपक्षे की अगुआई वाला संयुक्त विपक्ष विरोध कर रहा है।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, स्थानीय पुलिस ने कहा कि नमल राजपक्षे और छह अन्य लोगों को प्रदर्शन व हिंसा से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए मंगलवार रात बुलाया गया था। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इन लोगों ने अदालती रोक के बावजूद हम्बनटोटा में प्रदर्शन किया और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। यह विरोध प्रदर्शन गत शुक्रवार को किया गया था। इस मामले में अब तक 40 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।