अंतरराष्ट्रीय
चीन ने भारत में अपने नागरिकों के लिए जारी किया परामर्श
By Deshwani | Publish Date: 6/10/2017 4:25:40 PM बीजिंग/नई दिल्ली, (हि.स.)। चीन ने भारत की यात्रा कर रहे अपने नागरिकों के लिए यात्रा परामर्श जारी किया है। डोकलाम गतिरोध के बाद चीन ने पहली बार इस तरह की चेतावनी जारी की है। यह जानकारी शुक्रवार को मिली।
भारत में चीनी दूतावास ने यहां मौजूद अपने नागरिकों के लिए इस तरह का परामर्श जारी किया है। चेतावनी दूतावास की वेबसाइट पर पोस्ट की गई है।
चीनी समाचार पत्र ग्लोबल टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में परामर्श के बारे में बताया है कि कुछ चीनी नागरिक अंडमान निकोबार द्वीप समूहों में गए। यह क्षेत्र भारत में बिना अनुमति के विदेशियों के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र हैं। कुछ यात्रियों को लौट जाने के लिए कहा गया, वहीं कुछ को गिरफ्तार तक किया गया और उनसे पूछताछ की गई।
रिपोर्ट में कहा गया, “आगंतुकों को भारतीय सीमा और सैन्य ठिकानों और वाहनों की फोटो नहीं खींचनी चाहिए। भारत के पड़ोसी मुल्क नेपाल की यात्रा के वक्त सीमा पर स्थित बाजारों में जाने से बचें और गलती से भी अन्य देशों के क्षेत्र में नहीं घुसें।” विदित हो कि चीन इससे पहले भी अपने नागरिकों के लिए तीन परामर्श जारी कर चुका है।
ग्लोबल टाइम्स ने भारतीय मीडिया की खबरों का हवाला देते हुए कहा है कि प्रत्येक वर्ष भारत में जितने पर्यटक आते हैं उनमें तीन प्रतिशत चीन के होते हैं।