अंतरराष्ट्रीय
पकिस्तानी सेना ने भारत को बताया सबसे बड़ा खतरा
By Deshwani | Publish Date: 6/10/2017 2:31:40 PM इस्लामाबाद, (हि.स.)। पाकिस्तानी सेना ने भारत को उनके देश के लिए सतत बड़ा खतरा माना है और कहा है कि पड़ोसी देश की वजह से उसकी पूर्वी सीमा असुरक्षित बनी हुई है। यह जानकारी शुक्रवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
समाचार पत्र डॉन के अनुसार, सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पूर्वी और पश्चिमी सीमा पर विभिन्न प्रकार की चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि भारत की ओर से पाकिस्तान (पूर्व में) सतत खतरे हैं।
उन्होंने कहा, “ हम शांतिपूर्ण देश हैं और उनके साथ युद्ध नहीं चाहते हैं, लेकिन हम अपनी रक्षा करेंगे और हम ऐसा करने में सक्षम हैं।” मेजर जनरल ने यह भी कहा कि नियंत्रण रेखा पर लगातार उल्लंघन के कारण देश की पूर्वी सीमा असुरक्षित हो गई है।
गफूर ने कहा, ' भारत ने भी हमारी जवाबी कार्रवाई (एलओसी में) में कीमत चुकाई है और अगर उसने संयम से काम नहीं लिया तो हम ऐसा करना जारी रखेंगे।” उन्होंने भारत पर आतंकवाद का समर्थन करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवादियों के गढ़ का सफाया कर दिया है। देश में किसी आतंकवादी संगठन के व्यवस्थित ठिकाने नहीं है।