अंतरराष्ट्रीय
मलेशिया ने उत्तर कोरिया की यात्रा पर लगाये प्रतिबंध
By Deshwani | Publish Date: 28/9/2017 5:31:22 PMकुआलालम्पुर, (हि.स.)। मलेशिया ने गुरुवार को उत्तर कोरिया की ओर से लगातार किए जा रहे मिसाइल परीक्षणों से कोरियाई प्रायद्वीप पर बढ़ते तनाव को देखते हुए अपने नागरिकों के उत्तर कोरिया जाने पर प्रतिबंध दिया है। यह प्रतिबंध तब तक रहेगा जब तक उत्तर कोरिया से रिश्ते सामान्य नहीं हो जाते हैं। यह जानकारी गुरुवार को मलेशियाई विदेश मंत्रालय ने दी।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उत्तर कोरिया के साथ हालात सामान्य होने पर यात्रा पर लगाया गया प्रतिबंध हटा दिया जाएगा। ऐसे में 5 अक्टूबर को प्योंगयांग में होने वाले एशियाई कप में उत्तर कोरिया के खिलाफ यात्रा प्रतिबंध के बावजूद मलेशिया फुटबॉल टीम भाग लेगी या नहीं यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह मैच सुरक्षा कारणों के चलते दो बार टाला जा चुका है।
गौरतलब है कि मलेशिया उन मुट्ठीभर देशों में से एक है, जो अभी भी उत्तर कोरिया के साथ दोस्ताना राजनयिक संबंध रखता है, लेकिन इस वर्ष के शुरूआत में कुआलालम्पुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर किम जोंग उन के सौतेले भाई की हत्या के बाद दोनों देशों के संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं।