अंतरराष्ट्रीय
टिलरसन मिले रूस के विदेश मंत्री से, सीरिया संकट पर की चर्चा
By Deshwani | Publish Date: 18/9/2017 12:50:39 PMन्यूयॉर्क। अमेरिका के विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने रूस के अपने समकक्ष सेरगी लावरोव से यहां मुलाकात कर सीरिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। लावरोव यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीथर नोर्ट ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात न्यूयार्क स्थित रूसी मिशन में हुई।
नोर्ट ने एक बयान में बताया कि दोनों ने सीरिया में हिंसा कम करने और स्थिति को जिनीवा समझौते की ओर आगे बढऩे के लिए अनुकूल बनाने (संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद संकल्प 2254 के मुताबिक) की बात दोहराई। राजनयिक अभियानों को लेकर दोनों देशों में मौजूदा गतिरोध के बीच टिलरसन ने शीत युद्ध के बाद अमेरिका और रूस के मौजूदा संबंधों को ऐतिहासिक करार दिया।
अमेरिका ने हाल में रूस को सैन फ्रांसिस्को स्थित उसके वाणिज्य दूतावास और वाशिंगटन एवं न्यूयॉर्क स्थित कार्यालयों को बंद करने का आदेश दिया था। रूस ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देने की बात कही थी। बहरहाल अमेरिका ने यह कदम रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा अमेरिका को रूस में अपने 755 राजनयिक कर्मचारियों को हटाने का आदेश दिए जाने के बाद उठाया था। सीरिया संकट हल करने के लिए अमेरिका, रूस के साथ काम करना चाहता है, जहां दोनों देशों की सेना तैनात है। दोनों प्रतिद्वंद्वी अपने मतभेद दूर करने का प्रयास कर रहे हैं।