अंतरराष्ट्रीय
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने विश्व नेताओं से यौन शोषण रोकने के लिए कदम उठाने की अपील की
By Deshwani | Publish Date: 16/9/2017 1:53:44 PMसंयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने अशांत क्षेत्रों में संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों के दौरान यौन शोषण के मामलों को रोकने के लिए सोमवार को विश्व नेताओं की एक विशेष बैठक बुलाई है। यह ऐसे आरोप हैं जो शांति अभियानों पर कलंक के समान हैं और इससे कड़ाई से निपटने की संयुक्त राष्ट्र की प्रतिज्ञा के बावजूद भी ऐसे मामले सामने आ रहे हैं।
गुतारेस ने इस सप्ताह पत्रकारों से कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने एक समझौता तैयार किया है और उन्हें उम्मीद है कि सभी 193 सदस्य देश इस पर हस्ताक्षर करेंगे। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक यह (समझौता) संयुक्त राष्ट्र और सदस्य देशों को यौन शोषण को रोकने की उनकी प्रतिबद्धता के साथ शांति अभियान चलाने के साझा सिद्धांतों पर जोर देता है।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि वह देश और सरकारों के प्रमुखों का एक नेतृत्व मंडल बना रहे हैं जो कथित अपरोधियों को माफी न देने और अंतरराष्ट्रीय तैनाती में यौन शोषण को रोकने के उपायों को मजबूत करने को प्रतिबद्ध होगा।