अंतरराष्ट्रीय
चीन ने भारत में अपने नागरिकों को फिर जारी की एडवाइजरी
By Deshwani | Publish Date: 24/8/2017 4:41:46 PMबीजिंग। डोकलाम विवाद के बीच गुरुवार को चीन ने भारत में रह रहे अपने नागरिकों को एक एडवाइजरी जारी की जिसमें उन्हें अपनी सुरक्षा का ख्याल रखने को कहा गया है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।
विदित हो कि डेढ़ महीने में चीन ने दूसरी बार एडवाइजरी जारी की है। इससे पहले 7 जुलाई को बीजिंग ने एडवाइजरी जारी की थी। भारत में चीनी दूतावास ने कहा, "अपनी निजी सुरक्षा का ध्यान रखें, आपदा और बीमारियों से भी खुद को सुरक्षित रखें।"
सिक्किम सेक्टर के डोकलाम इलाके में भूटान ट्राइजंक्शन के पास चीन एक सड़क बनाना चाहता है। भारत और भूटान इसका विरोध कर रहे हैं। करीब 3 महीने से इस इलाके में भारत और चीन के सैनिक आमने-सामने हैं।
गत जुलाई महीने जारी की एडवाइजरी में चीनी नागरिकों को सलाह दी गई थी कि भारत में वे अपने स्थानीय पुलिस स्टेशन या चीनी दूतावास के संपर्क में रहें। इसके अलावा भारत में मौजूद चीनी नागरिक यात्रा के दौरान के पहचान पत्र साथ रखें और इसकी जानकारी परिवार व मित्रों को भी दें। उन्हें यह सलाह भी दी गई थी कि चीनी नागरिक भारत के कानून और धार्मिक रीति-रिवाजों का ध्यान रखें।