अंतरराष्ट्रीय
चीन में भीषण तूफान, 16 मरे
By Deshwani | Publish Date: 24/8/2017 1:34:04 PMबीजिंग। चीन के गुआंगदोंग प्रांत के झुहाई में भीषण तूफान ‘हातो’ के आने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है और कई लापता हैं। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।
स्थानीय मौसम विज्ञान ब्यूरो ने बताया कि तूफान ‘होतो’ बुधवार को यहां पहुंचा। इसके बाद पर्ल नदी के मुहाने तक 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और नजदीक के क्षेत्रों में भारी बारिश हुई।
मकाओ के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, तूफान तेजी से मकाओ की ओर बढ़ा और तेज हवाओं के कारण एक दीवार गिर गई जिससे एक आदमी की मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति की मौत उंची इमारत से नीचे गिरने पर हुई और तीसरे व्यक्ति की मौत एक ट्रक से कुचल कर हुई।
समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की रिपोर्ट के अनुसार, स्वास्थ्य अधिकारियों ने बुधवार रात दो और लोगों के मारे जाने और 153 अन्य लोगों के घायल होने की पुष्टि की। लेकिन मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है जो और बढ़ सकती है।
तूफान के कारण मकाओ में बिजली भी गुम गई थी, लेकिन रात दो बजे तक बहाल हो गई। गुआंगदोंग में चार लोगों की मौत हो गई और एक लापता है। 26,817 लोगों अस्थायी आश्रयों में स्थानांतरित किया गया है। करीब 664 हेक्टेयर कृषि भूमि क्षतिग्रस्त हो गई है। भूस्खलन, बाढ़ और अन्य भूवैज्ञानिक आपदाओं के लिए चेतावनी जारी कर दी गई है।