अंतरराष्ट्रीय
ब्रिटेन की वित्तीय प्रतिबंध सूची में दाउद इब्राहिम भी शामिल
By Deshwani | Publish Date: 24/8/2017 10:39:14 AMलंदन। ब्रिटेन की वित्तीय प्रतिबंध वाली सूची में भारत के सबसे वांछित आतंकवादी दाऊद इब्राहिम भी शामिल है। इस सूची में उसके 21 उपनाम भी सूचीबद्ध हैं। यह जानकारी बुधवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
डॉन का नाम ब्रिटेन के वित्त विभाग की ओर से मंगलवार को जारी ‘कान्सालिडेटेड लिस्ट ऑफ फाइनेंनशियल टार्गेट्स इन द यूके’ में है और इसमें पाकिस्तान में उसके तीन दर्ज पते भी हैं जहां वह कथित रूप से रहता है।
दाऊद मुम्बई में 1993 के बम विस्फोट मामले में मुख्य आरोपी है जिसमें करीब 260 लोग मारे गए थे और 700 से अधिक घायल हो गए थे। बम विस्फोटों के बाद वह देश से भाग गया था और माना जाता है कि वह पाकिस्तान में छुपा हुआ है। पाकिस्तान अपने यहां उसकी मौजूदगी से लगातार इनकार करता रहा है।
रिकार्ड में उसका जन्मस्थान महाराष्ट्र के रत्नागिरि के खेर में दर्ज है और उसकी राष्ट्रीयता एक भारतीय पासपोर्ट के साथ ‘भारतीय’ दर्ज है, जिसे बाद में भारत सरकार ने रद्द कर दिया था। वित्तीय प्रतिबंध वाली सूची में लिट्टे, खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठन भी हैं।