अंतरराष्ट्रीय
अफगानिस्तान में अर्याना सईद के वीडियो पर बवाल
By Deshwani | Publish Date: 18/8/2017 6:11:11 PMकाबूल, (हि.स.)। अफगानिस्तान की गायक और गीतकार अर्याना सईद 19 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुति देने वाली हैं। इससे पहले उनके एक वीडियो ने अफगानी जनता को दो भागों में बांट दिया है। कुछ लोग जहां उनका समर्थन कर रहे हैं, वहीं कुछ विरोध भी कर रहे हैं। जानकारी शुक्रवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
बीबीसी के अनुसार, अर्याना ने महिला सशक्तिकरण से संबंधित 8 मिनट का एक वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया था। इसको लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। वह फेसबुक पर काफी लोकप्रिय चेहरा हैं। उनके लगभग 20 लाख फॉलोवर्स हैं। सईद के वीडियो को पहले दिन ही 11 लाख से ज़्यादा बार देखा जा चुका है। फेसबुक पर डाले गए इस वीडियो पर कुछ लोगों ने उनके कार्यक्रम में बम धामाका करने तक की भी धमकी दे डाली है।
एक फेसबुक यूज़र ओमिद अहमदी ने सईद के समर्थन में लिखा है, “हम आपके साथ हैं, आपका कार्यक्रम गलत सोच रखने वाले लोगों के खिलाफ मुंहतोड़ जवाब है।” एक और फेसबुक यूजर साहिल सीरत ने लिखा, “यह कार्यक्रम आज़ादी और न्याय के लिए है, यह हिंसा और तानाशाही के ख़िलाफ लड़ाई है।”
हालांकि कुछ लोगों ने सईद के कार्यक्रम का विरोध किया है। उन्होंने सईद पर हजारों लोगों को बहकाने का आरोप लगाया है।