अंतरराष्ट्रीय
इराक में आईएस के 12 आतंकी ढेर
By Deshwani | Publish Date: 14/8/2017 3:48:42 PM बगदाद, (हि.स.)। इराकी सेना ने रविवार को सलाहुद्दीन प्रांत में एक संघर्ष के दौरान आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) आईएस के 12 आतंकियों को मार गिराया। यह जानकारी सोमवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
सुरक्षा सूत्रों ने रविवार को बताया कि आईएस के लड़ाकों ने जूवियाह इलाके में सैन्य अड्डे पर मोर्टार और मशीनगन से जोरदार हमला किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच संघर्ष शुरू हो गया। इराकी सेना ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए आतंकियों को उनके अड्डे से खदेड़ दिया। हालांकि आतंकवादी सलाहुद्दीन की राजधानी तिकरित और मोसुल के बीच की मुख्य सड़क को बाधित करने में सफल रहे।
सुबह में अतिरिक्त सुरक्षा बल और जंगी हेलीकॉप्टर संघर्ष स्थल पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। आतंकवादियों के भागने के बाद सुरक्षाबलों को संघर्ष स्थल पर 12 आंतकवादियों के शव मिले। इसके अलावा वहां ध्वस्त जंगी वाहन, हथियारों से भरे 3 ट्रक और गोला बारूद भी मिले। सूत्र ने बताया कि संघर्ष में इराकी सुरक्षा बल के भी तीन जवान मारे गए और आठ जवान घायल हुए हैं।