अंतरराष्ट्रीय
बुरकीना फासो में आतंकी हमला, 17 मरे
By Deshwani | Publish Date: 14/8/2017 12:56:24 PMवागाडूगू, (हि.स.)। पश्चिमी अफ़्रीकी देश बुरकीना फ़ासो की राजधानी वागाडूगू में रविवार की रात एक आतंकी हमले में 17 लोगों की मौत हो गई है और आठ अन्य घायल हो गए हैं। यह जानकारी सोमवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
बीबीसी के अनुसार, चश्मदीदों ने कहा कि तीन बंदूकधारियों ने एक होटल और रेस्तरां के बाहर बैठे ग्राहकों पर गोलीबारी की। गोलीबारी रविवार रात 9 बजे शुरू हुई। होटल ब्राविया और अज़ीज़ इस्तांबुल रेस्तरां हमलावरों के निशाने पर थे। घटनास्थल को सेना ने सील कर दिया है। स्थानीय अमरीकी दूतावास ने अपने नागरिकों को उस तरफ़ न जाने की चेतावनी दी है।
विदित हो कि पिछले साल यहीं पास के एक कैफ़े में हुए चरमपंथी हमले में 30 लोगों की मौत हो गई थी।
समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक, सरकारी बयान में कहा गया है, "हमले में 17 लोगों की जान चली गई और आठ घायल हो गए। मरने वालों की राष्ट्रीयता की पुष्टि अभी नहीं हुई है।"
उधर, बुरकीना फासो के संचार मंत्री रेमिस डांडजिनाओ ने कहा है कि अभी यह साफ़ नहीं है कि कितने हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया। लेकिन आशंका व्यक्त की जा रही है कि साहेल इलाके सक्रिय अलकायदा से जुड़े किसी संगठन की यह करतूत हो सकती है। बुरकीना फ़ासो साहेल इलाक़े का एक देश है, जहां चरमपंथी इस्लामी संगठन सक्रिय हैं।