अंतरराष्ट्रीय
पाकिस्तान में हाफिज सईद ने बनाई राजनीतिक पार्टी
By Deshwani | Publish Date: 8/8/2017 5:25:48 PMलाहौर, (हि.स.)। पाकिस्तान में नजरबंद आतंकी सरगना हाफिज सईद ने सोमवार को ‘मिल्ली मुस्लिम लीग’ नाम की अपनी एक राजनीतिक पार्टी बना ली। जमात-उद-दावा के वरिष्ठ सदस्य और सईद के करीबी सैफुल्ला खालिद को इस पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया है। यह जानकारी मंगलवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
विदित हो कि हाफिज सईद पिछले 6 महीने से पाकिस्तान में नजरबंद है और चार दीवारी के भीतर से ही वह राजनीतिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। पिछले दिनों उन्होंने पाकिस्तान चुनाव आयोग में अपनी राजनीतिक पार्टी को मान्यता देने के लिए अर्जी दाखिल की थी।
इस मसले पर सैफुल्ला खालिद ने कहा, “ हम जल्द ही अपनी पार्टी के पंजीकरण के लिए अर्जी देंगे। हमारी पार्टी पाकिस्तान को एक इस्लामिक देश बनाएगी। हम सईद को जल्द से जल्द रिहा करने की भी मांग करेंगे।”
इस संबंध में पाकिस्तान के राजनीतिक पंडितों का कहना है कि सईद का पार्टी बनाने का मकसद असल में उदारवादियों के बीच अपनी जगह बनाना है। जानकार यह भी मानते हैं कि देश में धार्मिक आधार पर बनी पार्टियों के जीतने की संभावनाएं ना के बराबर हैं।
हाफिज को 31 जनवरी में पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने 90 दिनों तक नजरबंद रखने का फैसला किया था। यह समयसीमा 27 जुलाई को खत्म हो रही थी। इसके बाद इसी हफ्ते उसकी नजरबंदी को दो माह और बढ़ा दिया गया है। हाफिज सईद नवंबर 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमलों के साथ ही भारत में कई हमलों की साजिश का गुनाहगार है। जम्मू कश्मीर में हिंसा फैलाने में भी उसकी सक्रिय भूमिका रही है।